विकास योजनाओं में देरी पर डीएम सख्त, अक्टूबर के पहले सप्ताह तक लंबित कार्य शुरू करने के निर्देश

Sep 20, 2026 - 00:44
 152  4.3k
विकास योजनाओं में देरी पर डीएम सख्त, अक्टूबर के पहले सप्ताह तक लंबित कार्य शुरू करने के निर्देश

टिहरी गढ़वाल 19 सितंबर। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने शनिवार को जिला, राज्य, केंद्र पोषित एवं प्रायोजित योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी विकास कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से लंबित कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने और कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में ग्रामीण निर्माण विभाग, लोक निर्माण विभाग, प्राथमिक शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से टेंडर, ओपन टेंडर तथा निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
ग्रामीण निर्माण विभाग ने बताया कि कीर्तिनगर और जौनपुर क्षेत्र में कास्टिंग कार्य में अपेक्षाकृत अधिक समय लगने की संभावना है। वहीं अन्य कार्यों को अगले दो माह में पूरा करने की बात कही गई।
प्राथमिक शिक्षा विभाग की समीक्षा में बताया गया कि विभाग में कुल 79 नए कार्य हैं, जिनमें कई कार्य अभी शुरू नहीं हुए हैं। इस पर जिलाधिकारी ने अगली समीक्षा बैठक में प्रत्येक कार्य की निर्धारित प्रारंभ तिथि, वर्तमान स्थिति और पूर्ण होने की तिथि सहित अद्यतन विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
लोक निर्माण विभाग के लंबित कार्यों को लेकर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी लंबित कार्य अक्टूबर के प्रथम सप्ताह तक अनिवार्य रूप से शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्यों में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में न हो और निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जगधार में लैंडमार्किंग का कार्य चल रहा है, जबकि गंगी क्षेत्र में भूमि विवाद के कारण कार्य प्रभावित है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को भूमि विवाद के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि विकास कार्यों में समयबद्धता के साथ गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश, एसई पीडब्ल्यूडी केएस नेगी, जिला सांख्यिकी अधिकारी साक्षी शर्मा, अधिशासी अभियंता आरडब्ल्यूडी विशाल चौहान एवं आलोक सिंह, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग राजेंद्र टम्टा एवं आदर्श सिंह, अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई बृजेश गुप्ता एवं विजयपाल कैन्तुरा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

The post विकास योजनाओं में देरी पर डीएम सख्त, अक्टूबर के पहले सप्ताह तक लंबित कार्य शुरू करने के निर्देश appeared first on गढ़ निनाद Garhninad.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0