आईटीआई नई टिहरी में मिशन शक्ति के तहत महिला एवं बाल अधिकारों पर जागरूकता कार्यक्रम

Oct 23, 2026 - 14:44
 143  2.3k
आईटीआई नई टिहरी में मिशन शक्ति के तहत महिला एवं बाल अधिकारों पर जागरूकता कार्यक्रम

प्रधानमंत्री मातृ वंदना और नंदा गौरा योजना की दी जानकारी, बाल विवाह रोकने की दिलाई शपथ

टिहरी गढ़वाल 23 अक्टूबर। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग, टिहरी गढ़वाल की ओर से मिशन शक्ति योजना के अंतर्गत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), नई टिहरी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और कर्मचारियों को महिला सशक्तिकरण, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं, महिला सुरक्षा और बाल अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
जिला मिशन कोऑर्डिनेटर रमेश डंगवाल ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की जानकारी देते हुए बताया कि योजना के तहत प्रथम बच्चे के जन्म पर पात्र महिला को 5,000 रुपये तथा दूसरी संतान बालिका होने पर 6,000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाती है। उन्होंने लोगों से अपने आसपास की गर्भवती महिलाओं को योजना की जानकारी देकर इसका लाभ दिलाने में सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने नंदा गौरा योजना की जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2026 में इंटरमीडिएट उत्तीर्ण करने वाली पात्र बालिकाएं 30 नवंबर 2026 तक योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन करें। योजना के तहत पात्र बालिकाओं को 51,000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाती है।
वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक रश्मि बिष्ट ने वन स्टॉप सेंटर में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में बताया। उन्होंने चाइल्ड हेल्पलाइन, घरेलू हिंसा से महिलाओं की सुरक्षा, कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न, महिला हेल्पलाइन और बाल विवाह की रोकथाम जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं और बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी प्रकार की हिंसा या उत्पीड़न की स्थिति में संबंधित सहायता सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान बाल विकास विभाग की ओर से उपस्थित लोगों को बाल विवाह रोकने की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर बाल विकास विभाग से रजनी, सौरभ रावत, नवीन और पूनम नकोटी सहित आईटीआई की अनुदेशक प्रीती, शिवानी, अमित बहुगुणा और कुलदीप रावत मौजूद रहे। कार्यक्रम में आईटीआई के छात्र-छात्राओं एवं कर्मचारियों ने भी प्रतिभाग किया।

The post आईटीआई नई टिहरी में मिशन शक्ति के तहत महिला एवं बाल अधिकारों पर जागरूकता कार्यक्रम appeared first on गढ़ निनाद Garhninad.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0