बोर्डिंग स्कूलों में सुविधाओं को दुरुस्त करने के निर्देश, बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य से समझौता नहीं
टिहरी में आवासीय विद्यालयों की डीएम ने की समीक्षा, पेयजल, शिक्षकों और छात्रावास की समस्याओं पर जताई गंभीरता
नई टिहरी, 27 अक्टूबर। जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जनपद के आवासीय विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए विद्यार्थियों की शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं में लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उनके रहने, खाने, पेयजल और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं का विशेष ध्यान रखा जाए।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जनपद के सात कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों, पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय पौखाल और राजीव गांधी नवोदय विद्यालय देवलधार की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। इस दौरान विद्यार्थियों की संख्या, कार्मिकों की उपलब्धता, छात्रावास, पेयजल, पुस्तकालय, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की स्थिति पर चर्चा हुई।
आमपाटा विद्यालय में पेयजल संकट
समीक्षा में नरेंद्रनगर के आमपाटा स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने और टैंकर से अस्थायी जलापूर्ति किए जाने का मामला सामने आया। टैंकर से भी पानी की आवश्यकता पूरी नहीं हो पा रही है। जिलाधिकारी ने समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई पर जोर दिया। विद्यालय के अपग्रेडेशन का प्रस्ताव शासन को भेजे जाने तथा भूमि उपलब्ध होने की जानकारी भी दी गई।
भिलंगना विकासखंड के अखोड़ी स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में वार्डन और प्रतापनगर स्थित विद्यालय में अकाउंटेंट का पद रिक्त बताया गया। वहीं, आमपाटा और रौतू की बेली सहित संबंधित विद्यालयों में कंप्यूटर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। जिन विद्यालयों की लाइब्रेरी में पुस्तकें नहीं हैं, उन्हें मुख्यालय से पुस्तकें प्राप्त करने को कहा गया।
नवोदय विद्यालयों में भी सामने आईं जरूरतें
पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय पौखाल में 541 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, जिनमें 318 बालक और 223 बालिकाएं शामिल हैं। विद्यालय में शिक्षण संवर्ग के दो और गैर-शिक्षण संवर्ग का एक पद रिक्त है। बैठक में पेयजल आपूर्ति, खेल मैदान की मरम्मत, सोलर लाइट और पीआरडी कार्मिकों की तैनाती की जरूरत रखी गई।
राजीव गांधी नवोदय विद्यालय देवलधार में 216 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। यहां बाउंड्री वॉल और मुख्य प्रवेश द्वार के साथ छात्रावास में बेड, स्टडी टेबल और कुर्सियों की कमी का मुद्दा उठाया गया।
स्वास्थ्य और स्वच्छता पर विशेष जोर
जिलाधिकारी ने सोलर गीजर की मरम्मत के लिए उरेडा को संबंधित विद्यालयों का निरीक्षण कर प्रस्ताव प्रस्तुत करने तथा रोटी मेकिंग मशीन की आवश्यकता वाले विद्यालयों को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए। प्रतापनगर के सुजाड़ गांव स्थित विद्यालय में फेंसिंग की जरूरत भी सामने आई।
उन्होंने सभी विद्यालयों में निकटतम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी अधिकारियों के संपर्क नंबर उपलब्ध रखने तथा आपातकालीन दवाइयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। भोजन कक्ष और डाइनिंग सुविधाओं की साफ-सफाई बनाए रखने के साथ जिन विद्यालयों में बेडशीट, कंबल या अन्य आवश्यक सामग्री की कमी है, वहां से तत्काल विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, आईएएस प्रशिक्षु ज्योति, मुख्य शिक्षा अधिकारी कमला बड़वाल सहित संबंधित विद्यालयों के वार्डन और अधिकारी मौजूद रहे।
The post बोर्डिंग स्कूलों में सुविधाओं को दुरुस्त करने के निर्देश, बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य से समझौता नहीं appeared first on गढ़ निनाद Garhninad.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0