टिहरी मेडिकल कॉलेज के लिए दिवाली और राज्य स्थापना दिवस के बाद कभी भी शुरू होगी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल
टिहरी गढ़वाल 2 नवम्बर। टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन कर रही मेडिकल कॉलेज निर्माण संयुक्त संघर्ष समिति अब आंदोलन को और तेज करने जा रही है। समिति ने दिवाली और राज्य स्थापना दिवस के बाद 10, 11 या 12 नवंबर से कभी भी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने का निर्णय लिया है। यह निर्णय कोर कमेटी की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया।
समिति ने गैरसैंण में आयोजित विधानसभा सत्र के दौरान प्रस्तुत पूरक बजट में टिहरी मेडिकल कॉलेज के लिए कोई धनराशि का प्रावधान नहीं किए जाने पर गहरी नाराजगी जताई। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि पिछले तीन माह से आंदोलन लगातार चल रहा है, लेकिन सरकार की ओर से मांग की अनदेखी की जा रही है। सरकार के इस रवैये से क्षेत्र की जनता में आक्रोश है। ऐसे में अब आंदोलन को निर्णायक मोड़ पर ले जाने के लिए अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की जाएगी।
भूख हड़ताल में शामिल होने के लिए अब तक 10 लोगों ने अपने नाम प्रस्तावित किए हैं। समिति ने तय किया है कि पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य जीतराम भट्ट सबसे पहले अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठेंगे। इसके बाद क्रमवार अन्य लोग भी भूख हड़ताल में शामिल होंगे।
भूख हड़ताल के लिए नाम प्रस्तावित करने वालों में समिति के संयोजक डॉ. राकेश भूषण गोदियाल, व्यापार मंडल अध्यक्ष शिवराज सिंह सजवाण, उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी राजेंद्र पैन्यूली एवं देवेंद्र नौडियाल, छात्र नेता राहुल बुटोला और युवा कांग्रेस नेता लखबीर चौहान सहित अन्य लोग शामिल हैं।
आंदोलन की विस्तृत रणनीति तैयार करने के लिए 5 नवंबर को संघर्ष समिति की कोर कमेटी की विस्तारित बैठक बुलाई गई है। बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी 6 नवंबर को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी जाएगी।
समिति ने सरकार से मांग की है कि 9 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस तक टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण का शासनादेश जारी किया जाए। ऐसा नहीं होने पर 10, 11 या 12 नवंबर को किसी भी दिन अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी जाएगी। समिति के इस निर्णय की जानकारी प्रवक्ता महिपाल सिंह नेगी ने दी।
The post टिहरी मेडिकल कॉलेज के लिए दिवाली और राज्य स्थापना दिवस के बाद कभी भी शुरू होगी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल appeared first on गढ़ निनाद Garhninad.
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0